प्रेस विज्ञप्ति

खेल भावना से खेलें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदान करें : आईजी श्री सिंह
अंतर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2024 का हुआ शुभारंभ
25 से 29 जून तक आयोजित होने वाली स्पर्धाओं में 9 वाहिनियों की टीमें ले रहीं हिस्सा

 

भोपाल, 25 जून 2024
भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में विशेष सशस्त्र बल (विसबल) दक्षिणी क्षेत्र अन्तर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2024 का आयोजन किया जा रहा है। 7वीं वाहिनी विसबल द्वारा 25 से 28 जून 2024 तक आयोजित की जा रही इन प्रतियोगिताओं में अलग-अलग वाहिनियों के 391 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। 25 जून को कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक (विसबल) भोपाल रेंज, श्री अभय सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। भोपाल की 7वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री हितेश चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई।

खेल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं :- आईजी श्री अभय सिंह

पुलिस महानिरीक्षक (विसबल) भोपाल रेंज, भोपाल श्री अभय सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य में सुधार एवं प्रतियोगिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इन प्रतियोगिताओं से खिलाड़ी शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं। उन्होंने कहा कि अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का मौका बहुत कम लोगों को मिलता है। आप सभी खेल भावना से खेलें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदान करने का प्रयास करें। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप सभी इस कार्यक्रम और प्रतियोगिता को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगे और नए कीर्तिमान रचेंगे, इसका मुझे पूर्ण विश्वास है।

पूरी क्षमता व उत्साह के साथ खेलों में हिस्सा लें :- डीआईजी श्री अमित सांघी

उप पुलिस महानिरीक्षक (विसबल मध्य क्षेत्र) भोपाल श्री अमित सांघी ने स्वागत उद्बोधन के दौरान सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्यअतिथि पुलिस महानिरीक्षक श्री अभय सिंह का कार्यक्रम में उपस्थित होने पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मेरा सभी खिलाड़ी साथियों से आग्रह है कि वे अपनी पूरी क्षमता एवं उत्साह के साथ इन खेल गतिविधियों में हिस्सा लें । उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपने अभ्यास और इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए नए कीर्तिमान रचें, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं।

विजेताओं को किया पुरस्कृत

विशेष सशस्त्र बल (विसबल) दक्षिणी क्षेत्र अन्तर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024 के प्रथम दिवस 1500 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में भोपाल की 23वीं वाहिनी के आरक्षक जालम सिंह ने प्रथम, रीवा की 9वीं वाहिनी के आरक्षक सीताराम और 35वीं वाहिनी मंडला के आरक्षक दिनेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के अंत में कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सभी को पुरस्कार वितरित किए।

ये वाहिनियां प्रतियोगिताओं में होंगी शामिल :-

इन प्रतियोगिताओं में विसबल दक्षिणी जोन में सम्मिलित विसबल की 9 इकाइयों 6वीं वाहिनी जबलपुर, 7वीं वाहिनी भोपाल, 8वीं वाहिनी छिन्दवाड़ा, 9वीं वाहिनी रीवा, 10वीं वाहिनी सागर, 23वीं वाहिनी भोपाल, 25वीं वाहिनी भोपाल, 35वीं वाहिनी मण्डला, 36वीं वाहिनी बालाघाट से आए खिलाड़ी, उनके कोच एवं टीम मैनेजर शामिल होंगे।

24 स्पर्धाएं होंगी आयोजित :-

इस प्रतियोगिता में अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्टस कन्ट्रोल बोर्ड नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त कुल 27 अलग-अलग खेलों जिनमें हॉकी, फुटबॉल, वालीबॉल, बास्केटबॉल, हैण्डबॉल, कबड्डी, एथेलेटिक्स, कुश्ती, जूड़ो, वेट लिफ्टिंग आदि की स्पर्धाएं संपन्न कराई जाएंगी ।

वर्ष 1982 से आयोजित की जा रहीं प्रतियोगिताएं :-

मध्य प्रदेश में पुलिस द्वारा वर्ष 1982 से अन्तरवाहिनी एवं अन्तरजिला प्रतियोगिताएँ आयोजित करवाई जा रही हैं। इस के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 8 खेल जोन बनाए गए हैं। विसबल मुख्यालय के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस महानिरीक्षक विशेष सशस्त्र बल भोपाल रेंज के अधीन सेनानी 7वीं वाहिनी (स्पोर्टस ऑफिसर म.प्र. पुलिस) द्वारा प्रतिवर्ष विसबल दक्षिण जोन अंतर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन भोपाल में किया जाता है। इस प्रतियोगिता की अवधि के दौरान ही म.प्र. पुलिस के शेष 7 खेल जोन्स में जोनल खेल प्रतियोगिताएं संपन्न करवाई जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Fill out this field
Fill out this field
Please enter a valid email address.
You need to agree with the terms to proceed

Menu
Skip to content